Bhilai Steel Plant: करोड़ों के स्क्रैप चोरी मामले में CISF की बड़ी कार्रवाई, 7 जवान निलंबित

Views


 दुर्ग :
भिलाई स्टील प्लांट में करोड़ों रुपये के लौह स्क्रैप और ऑस्ट्रेलियन कोक चोरी मामले में जांच का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है। सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर लापरवाही सामने आने के बाद केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल ने सात जवानों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।हालांकि स्थानीय सीआईएसएफ अधिकारियों ने निलंबन की पुष्टि की है, लेकिन इस मामले में अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

चोरी के सिंडिकेट से जुड़ा है मामला

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई हाल ही में उजागर हुए बड़े पैमाने के स्क्रैप और ऑस्ट्रेलियन कोक चोरी सिंडिकेट से जुड़ी है। जांच में सुरक्षा व्यवस्था में कई स्तरों पर चूक सामने आने के बाद सीआईएसएफ ने अपने स्तर पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की है।

बीएसपी प्रबंधन ने भी किए थे अधिकारियों को निलंबित

करोड़ों रुपये के इस मामले का खुलासा होने के बाद भिलाई स्टील प्लांट प्रबंधन ने आंतरिक जांच शुरू की थी। जांच रिपोर्ट के आधार पर महाप्रबंधक हिमांशु भूषण मलिक, इंजीनियर एसोसिएट मनोज कुमार देवांगन और नॉन एग्जीक्यूटिव कर्मचारी धनंजय वर्मा को निलंबित किया गया था।

दो अधिकारी गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजे गए

विभागीय जांच के बाद दुर्ग पुलिस ने भी कार्रवाई करते हुए महाप्रबंधक हिमांशु भूषण मलिक और इंजीनियर मनोज कुमार देवांगन को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

जांच का दायरा लगातार बढ़ रहा

स्क्रैप और ऑस्ट्रेलियन कोक चोरी के इस हाई प्रोफाइल मामले में लगातार नए तथ्य सामने आ रहे हैं। पुलिस और संबंधित एजेंसियां पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हैं। अधिकारियों का मानना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ इस मामले में और भी लोगों की भूमिका सामने आ सकती है।

0/Post a Comment/Comments