रेल यात्रियों के लिए जरूरी खबर: 17 नवंबर तक हर सप्ताह दो दिन मेगा ब्लॉक, 5 बड़ी ट्रेनें 20 से 40 दिन रहेंगी रद्द

Views

 


बिलासपुर। दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल में ट्रैक की मरम्मत और सुरक्षा संबंधी कार्यों के लिए 3 जुलाई से 17 नवंबर 2026 तक नियमित मेगा ब्लॉक लगाया जाएगा। हर मंगलवार और शुक्रवार को होने वाले इस ब्लॉक का सीधा असर बिलासपुर होकर गुजरने वाली कई महत्वपूर्ण ट्रेनों पर पड़ेगा। इस दौरान कई ट्रेनें अलग-अलग तिथियों में रद्द रहेंगी, कुछ परिवर्तित मार्ग से चलेंगी, जबकि कुछ का संचालन आंशिक रूप से किया जाएगा।

झारखंड, बिहार, तेलंगाना और महाराष्ट्र जाने वाले यात्रियों को होगी परेशानी

रेलवे अधिकारियों के अनुसार कंसबहाल और धारुआडीही सेक्शन की अप और डाउन लाइन पर ट्रैक मेंटेनेंस तथा सुरक्षा कार्य किया जाएगा। इसके चलते दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे से संचालित कई लंबी दूरी की ट्रेनों के परिचालन में बदलाव किया गया है। इसका सबसे अधिक असर झारखंड, बिहार, तेलंगाना और महाराष्ट्र की यात्रा करने वाले यात्रियों पर पड़ेगा।

इन ट्रेनों का संचालन रहेगा प्रभावित

मेगा ब्लॉक के कारण पांच प्रमुख ट्रेनों का परिचालन अलग-अलग तिथियों में प्रभावित रहेगा।

20 दिन रद्द रहेगी हैदराबाद-रक्सौल एक्सप्रेस

गाड़ी संख्या 17005 हैदराबाद-रक्सौल एक्सप्रेस जुलाई में 2, 9, 16, 23 और 30, अगस्त में 6, 13, 20 और 27, सितंबर में 3, 10, 17 और 24, अक्टूबर में 1, 8, 15, 22 और 29 तथा नवंबर में 5 और 12 तारीख को रद्द रहेगी।

20 दिन नहीं चलेगी रक्सौल-हैदराबाद एक्सप्रेस

गाड़ी संख्या 17006 रक्सौल-हैदराबाद एक्सप्रेस जुलाई में 5, 12, 19 और 26, अगस्त में 2, 9, 16, 23 और 30, सितंबर में 6, 13, 20 और 27, अक्टूबर में 4, 11, 18 और 25 तथा नवंबर में 1, 8 और 15 तारीख को रद्द रहेगी।

40 दिन रद्द रहेगी टाटानगर-इतवारी एक्सप्रेस

गाड़ी संख्या 18109 और 18110 टाटानगर-इतवारी-टाटानगर एक्सप्रेस जुलाई से नवंबर तक कुल 40 दिनों तक रद्द रहेगी। इस दौरान जुलाई, अगस्त, सितंबर, अक्टूबर और नवंबर की निर्धारित तिथियों पर इसका संचालन नहीं होगा।

बिलासपुर-टाटानगर एक्सप्रेस भी 40 दिन नहीं चलेगी

गाड़ी संख्या 18114 बिलासपुर-टाटानगर एक्सप्रेस भी जुलाई से नवंबर के बीच कुल 40 दिनों तक रद्द रहेगी। रेलवे ने इसकी विस्तृत तारीखों की सूची जारी कर दी है।

टाटानगर-बिलासपुर एक्सप्रेस का भी संचालन रहेगा बंद

गाड़ी संख्या 18113 टाटानगर-बिलासपुर एक्सप्रेस भी इसी अवधि में 40 दिनों तक रद्द रहेगी। यात्रियों को यात्रा की योजना बनाने से पहले ट्रेन की स्थिति जरूर जांचने की सलाह दी गई है।

इन ट्रेनों का बदलेगा रूट और संचालन

मेगा ब्लॉक के दौरान उत्कल एक्सप्रेस परिवर्तित मार्ग से संचालित होगी। वहीं साउथ बिहार एक्सप्रेस निर्धारित तिथियों में केवल राउरकेला तक ही चलेगी। दुर्ग और राउरकेला के बीच इस ट्रेन का संचालन रद्द रहेगा।

यात्रा से पहले स्टेटस जांचने की सलाह

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति, रद्दीकरण और परिवर्तित मार्ग की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके। ट्रैक मेंटेनेंस का यह अभियान भविष्य में सुरक्षित और सुगम रेल संचालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।

0/Post a Comment/Comments