भैंस की तलाश में जंगल गया युवक हाथी के हमले का शिकार, मौके पर दर्दनाक मौत, क्षेत्र में दहशत

Views

 


कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में जंगली हाथी के हमले में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। कटघोरा वनमंडल के जटगा वन परिक्षेत्र अंतर्गत धवलपुर गांव में हुई इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। लगातार बढ़ रही हाथियों की गतिविधियों से ग्रामीणों में भय और नाराजगी दोनों बढ़ गए हैं।

भैंस खोजने गया था युवक

जानकारी के अनुसार, धवलपुर निवासी संतोष कुमार गोंड (35) की एक भैंस लापता हो गई थी। सोमवार देर रात वह उसकी तलाश में जंगल की ओर गया था। इसी दौरान जंगल में विचरण कर रहे हाथी से उसका आमना-सामना हो गया। हाथी ने अचानक हमला कर संतोष को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची टीम

घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वन विभाग ने मृतक के परिजनों को नियमानुसार आर्थिक सहायता देने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।

49 हाथियों की मौजूदगी से बढ़ी चिंता

ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ समय से क्षेत्र में हाथियों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है, लेकिन समय पर सूचना और प्रभावी निगरानी नहीं होने से लोगों की जान जोखिम में पड़ रही है। बताया जा रहा है कि जटगा वन परिक्षेत्र में इन दिनों अलग-अलग दलों में कुल 49 हाथी विचरण कर रहे हैं।

ग्रामीणों ने की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग

घटना के बाद धवलपुर सहित आसपास के गांवों के लोगों ने हाथियों की नियमित मॉनिटरिंग, समय पर मुनादी और रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो ऐसे हादसे दोबारा हो सकते हैं।

पखवाड़े में दूसरी मौत

गौरतलब है कि पखवाड़े भर के भीतर हाथी के हमले में मौत की यह दूसरी घटना है। लगातार हो रही घटनाओं ने वन विभाग की चिंता बढ़ा दी है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि हाथियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर जंगल की ओर न जाएं और किसी भी स्थिति में उनके नजदीक जाने का प्रयास न करें।

0/Post a Comment/Comments