बलौदाबाजार : महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। जांच में सामने आया कि महिला की हत्या किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि उसके देवर ने की थी। आरोपी ने पूछताछ के दौरान अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे रिमांड पर लिया गया है।
प्रेम संबंध के बाद बढ़ा विवाद
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह के अनुसार आरोपी देवेंद्र ध्रुव और उसकी भाभी पुष्पा ध्रुव के बीच कथित प्रेम संबंध थे। किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जो धीरे-धीरे हाथापाई में बदल गया।
पुलिस जांच के मुताबिक झगड़े के दौरान आरोपी ने महिला को छत से धक्का दे दिया। नीचे गिरने के बाद उसके चेहरे पर ईंट-पत्थरों से कई बार हमला किया गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
वारदात के बाद फरार हो गया था आरोपी
हत्या को अंजाम देने के बाद आरोपी दीवार फांदकर मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने तकनीकी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस आरोपी को घटनास्थल पर भी लेकर गई, जहां उसने पूरी वारदात का घटनाक्रम बताया। मामले में आगे की जांच जारी है।
PSC अभ्यर्थी की आत्महत्या मामले में प्रेमी गिरफ्तार
इधर बिलासपुर में पीएससी परीक्षा की तैयारी कर रही छात्रा की आत्महत्या मामले में पुलिस ने उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है।
कमरे में फांसी लगाकर दी थी जान
जांजगीर-चांपा जिले की रहने वाली आयूषी कुर्रे उर्फ खुशी बिलासपुर के जरहाभाठा इलाके में किराए के मकान में रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही थी। 20 मार्च 2026 को उसने अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी।
घटना के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की थी।
रिश्ते में तनाव बना जांच का केंद्र
जांच में पता चला कि आयूषी का प्रेम संबंध दीपक खांडे नामक युवक से था। घटना वाले दिन वह छात्रा के कमरे पर आया था और शाम को वहां से चला गया था। इसके बाद छात्रा लगातार उसे फोन करती रही, लेकिन उसने कॉल रिसीव नहीं की।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि युवक किसी दूसरी युवती से बातचीत कर रहा था, जिसे लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। पुलिस का मानना है कि इसी मानसिक तनाव और विवाद से आहत होकर छात्रा ने आत्महत्या जैसा कदम उठाया।
बीएनएस की धारा 108 के तहत कार्रवाई
जांच पूरी होने के बाद पुलिस ने आरोपी दीपक कुमार खांडे के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
Post a Comment