मनेन्द्रगढ़। बीसीएम खोँगापानी वार्ड क्रमांक 14 स्थित श्री आदि सिद्ध पीठ महामाया हनुमान मंदिर में हनुमान जयंती के पावन अवसर पर विविध धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर पूरे क्षेत्र में भक्ति और श्रद्धा का वातावरण निर्मित होगा। मंदिर समिति द्वारा विशेष रूप से विश्व कल्याण एवं जन-जन की सुख-समृद्धि की कामना को लेकर सामूहिक सुंदरकांड पाठ का आयोजन रखा गया है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
मंदिर में न केवल विशेष पर्वों पर बल्कि प्रत्येक मंगलवार को भी नियमित रूप से सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया जाता है। इस धार्मिक परंपरा में स्थानीय श्रद्धालु बढ़-चढ़कर भाग लेते हैं और अपनी आस्था प्रकट करते हैं। हनुमान जयंती के अवसर पर होने वाले कार्यक्रमों में भजन-कीर्तन, आरती तथा प्रसाद वितरण भी शामिल रहेगा।
मंदिर समिति ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि जो भी भक्तगण मंदिर परिसर में सुंदरकांड पाठ का आयोजन करवाना चाहते हैं, वे पंडित विनायक पाण्डेय से मोबाइल नंबर 8770901525 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा संत सुरेश आनंद जी महाराज से मंदिर में प्रत्यक्ष संपर्क कर भी आयोजन की जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
उल्लेखनीय है कि कोयलांचल क्षेत्र में स्थित यह प्राचीन मंदिर अपनी विशेष धार्मिक महत्ता के लिए जाना जाता है। यहां दूर-दूर से श्रद्धालु अपनी मनोकामना लेकर पहुंचते हैं और सच्चे मन से पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। हनुमान जयंती के अवसर पर यहां भक्ति और आस्था का भव्य संगम देखने को मिलेगा।

Post a Comment