बिलासपुर। गणेश नगर वार्ड क्रमांक 46 में आंगनबाड़ी केंद्रों द्वारा आयोजित महिला जागृति शिविर ने स्वास्थ्य, पोषण और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में एक सराहनीय पहल प्रस्तुत की। इस शिविर में गर्भवती महिलाओं की गोदभराई एवं 6 माह पूर्ण कर चुके शिशुओं का अन्नप्राशन संस्कार कराकर मातृत्व और शिशु देखभाल के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान गर्भवती माताओं को संतुलित आहार, नियमित आराम, तथा आयरन और कैल्शियम की गोलियों के सही सेवन के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही शिशुओं के पोषण पर विशेष जोर देते हुए बताया गया कि कब और कैसे उन्हें ठोस आहार शुरू किया जाना चाहिए, जिससे उनका समुचित शारीरिक और मानसिक विकास हो सके।
शिविर में किशोरी बालिकाओं के स्वास्थ्य को भी प्राथमिकता दी गई, जिसमें उन्हें समय-समय पर हीमोग्लोबिन जांच कराने और पोषण का ध्यान रखने की सलाह दी गई। महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक कर आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने पर भी विशेष चर्चा की गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वार्ड पार्षद इब्राहिम खान अब्दुल उपस्थित रहे। साथ ही आंगनबाड़ी पर्यवेक्षक पल्लवी चंद्रा, पार्षद प्रतिनिधि राज बंजारे, सैयद इमरान एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता नसीम बानो, आरती मिश्रा, राधा तन्ना, सुभद्रा महतो, भगवती रजक सहित बड़ी संख्या में वार्ड की माताएं एवं बहनें शामिल हुईं।
यह शिविर न केवल महिलाओं के स्वास्थ्य और पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण साबित हुआ, बल्कि समाज में महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक सशक्त कदम भी सिद्ध हुआ।

Post a Comment