पाली । पाली ब्लॉक में कबड्डी का उत्साह एक बार फिर चरम पर देखने को मिला, जब ब्लॉक कबड्डी संघ पाली के तत्वाधान में ब्लॉक कबड्डी प्रीमियर लीग संस्करण 3 का भव्य आयोजन ग्राम पोटापानी में किया गया। यह आयोजन न केवल खेल प्रतिभाओं को मंच देने वाला साबित हुआ, बल्कि ग्रामीण क्षेत्र में खेलों के प्रति बढ़ते उत्साह और जागरूकता का भी प्रतीक बना। प्रतियोगिता का समापन रोमांचक फाइनल मुकाबले के साथ हुआ, जिसमें खिलाड़ियों ने अपने शानदार प्रदर्शन से दर्शकों का दिल जीत लिया।
इस भव्य आयोजन के मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ कबड्डी संघ के महासचिव प्रदीप यादव उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संक्षिप्त लेकिन प्रेरणादायक संबोधन में कहा कि खेल को आगे बढ़ाना ही सबसे बड़ी प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने खेल और खिलाड़ी जिंदाबाद का नारा देते हुए खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और फिर मैच का आनंद लेने में शामिल हो गए। उनका यह सरल और सारगर्भित संदेश उपस्थित खिलाड़ियों और दर्शकों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना।
कार्यक्रम में जिला सचिव कबड्डी संघ जीपीएम कौशल कश्यप ने कबड्डी को जमीन से जुड़ा खेल बताते हुए कहा कि यह खेल अनुशासन, समर्पण और खेल भावना का प्रतीक है। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल के प्रति निष्ठा बनाए रखते हुए आगे बढ़ने का आह्वान किया। वहीं नगर पंचायत पाली के अध्यक्ष अजय जायसवाल ने आश्वासन दिया कि कबड्डी खेल के विकास के लिए उनका सहयोग हमेशा बना रहेगा।
विधायक प्रतिनिधि कुलदीप मरकाम ने बताया कि विधायक तुलेश्वर मरकाम क्षेत्र में खेलों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयासरत हैं और गांवों में खेल मैदानों के निर्माण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जिला पंचायत सदस्य एवं सभापति माया रूपेश कंवर, जनपद पंचायत पाली की सभापति अंशुल कंवर, डिप्टी रेंजर सरवन कोराम, भाजपा मंडल अध्यक्ष बृजेश यादव, और सरपंच संघ कटघोरा के अध्यक्ष राजू श्रोते सहित कई गणमान्य अतिथि इस आयोजन में उपस्थित रहे।
राजू श्रोते ने अपने उद्बोधन में ब्लॉक कबड्डी संघ को भविष्य में मैट और आयोजन के लिए ₹1,00,000 की सहयोग राशि देने की घोषणा की। उन्होंने यह भी कहा कि वे हमेशा कबड्डी खेल को आगे बढ़ाने में सहयोग करते रहेंगे। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी पाली के अध्यक्ष सत्यनारायण पैकरा ने भी अपने बचपन के कबड्डी अनुभव साझा करते हुए कहा कि यह खेल उनके दिल के बहुत करीब है और वे इसे निरंतर समर्थन देते रहेंगे। पूर्व सरपंच संघ अध्यक्ष सेवक राम मरावी ने भी हर वर्ष ₹11,000 सहयोग देने की घोषणा कर खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया।
इस प्रीमियर लीग में ब्लॉक के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों का चयन कर कुल 10 टीमों का गठन किया गया। इनमें अलगीडांड लायंस, कॉलेज ब्रदर्स पाली, टर्निंग पॉइंट पाली, प्रिंस धुरंधर पोटापानी, बरहा मुड़ा राइडर्स, गोंडवाना टाइगर सेन्द्रीपाली, गोंडवाना एक्सप्रेस खैराडुबान, शिव शक्ति क्लब शिवपुर, चेपा रानी लायंस और गेम चेजर्स बक्साही शामिल थीं। सभी टीमों ने पूरे जोश और जुनून के साथ अपने-अपने मुकाबले खेले और दर्शकों को रोमांच से भर दिया।
कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद चार टीमें सेमीफाइनल में पहुंचीं, जहां मुकाबले और भी रोमांचक हो गए। अंततः फाइनल मुकाबले में कॉलेज ब्रदर्स पाली ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। विजेता टीम को विधायक तुलेश्वर मरकाम की ओर से ₹25,000 की पुरस्कार राशि और ट्रॉफी प्रदान की गई। वहीं उपविजेता टीम शिव शक्ति क्लब शिवपुर को ₹20,000 और ट्रॉफी अंशुल कंवर और सत्यनारायण पैकरा द्वारा प्रदान की गई।
तीसरे स्थान पर रही बरहामुड़ा राइडर्स टीम को ₹15,000 और ट्रॉफी जिला पंचायत सदस्य माया रूपेश कंवर की ओर से दी गई, जबकि चौथे स्थान पर रही गोंडवाना एक्सप्रेस खैराडुबान टीम को ₹10,000 और ट्रॉफी फुलेसर मरकाम द्वारा प्रदान की गई। खिलाड़ियों के व्यक्तिगत प्रदर्शन को भी सराहा गया। मनीष उइके को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द सीरीज के रूप में रेंजर साइकिल से सम्मानित किया गया। फाइनल मैच में भी मनीष उइके ने उत्कृष्ट खेल दिखाते हुए मैन ऑफ द मैच का खिताब और ₹1100 की पुरस्कार राशि प्राप्त की।
इसके अलावा चित्रकांत को बेस्ट रेडर, गुलशन पोर्ते को बेस्ट ब्लॉकर और देवानंद को बेस्ट कैचर के रूप में सम्मानित किया गया। इन खिलाड़ियों ने अपने खेल कौशल से सभी को प्रभावित किया और यह साबित किया कि ग्रामीण क्षेत्र में भी प्रतिभा की कोई कमी नहीं है।
इस पूरे आयोजन को सफल बनाने में ग्राम पोटापानी और ब्लॉक कबड्डी संघ पाली की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजन समिति के सदस्य कन्हैया जगत, शंकर दीवान और जोहित यादव ने भी अपनी सक्रिय भागीदारी और मेहनत से इस प्रतियोगिता को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

Post a Comment