इंडिगो विमान में तकनीकी खराबी, पायलटों की सूझबूझ से सुरक्षित लैंडिंग

Views

 


नई दिल्ली: शनिवार सुबह इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब विशाखापत्तनम से दिल्ली आ रही इंडिगो फ्लाइट 6ई 579 में तकनीकी खराबी की सूचना मिली। इंजन फेल होने की आशंका के चलते एयरपोर्ट पर फुल इमरजेंसी घोषित कर दी गई। हालांकि, पायलटों की कुशलता से विमान सुरक्षित उतर गया और बड़ा हादसा टल गया।

घटना का विवरण

सूत्रों के अनुसार, विमान दिल्ली के हवाई क्षेत्र में प्रवेश के समय सुबह करीब 10:50 बजे तकनीकी समस्या का संकेत मिला। गंभीर स्थिति देख पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को तुरंत सूचित किया। इसके बाद 10:53 बजे रनवे नंबर 28 पर हाई अलर्ट और फुल इमरजेंसी घोषित की गई।

विमान में 161 यात्री सवार थे। पायलट और ATC के बेहतर समन्वय से 10:54 बजे विमान सुरक्षित लैंड कर गया। लैंडिंग के बाद एम्बुलेंस और बचाव दल ने यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।

तकनीकी खराबी की जानकारी

नागर विमानन महानिदेशालय के अनुसार, उड़ान के दौरान विमान के नंबर एक इंजन में तेज कंपन के बाद वह बंद हो गया। विमान को अब जांच और आवश्यक मरम्मत के लिए भेज दिया गया है।

इंडिगो ने बताया कि तकनीकी खराबी का पता चलते ही मानक प्रक्रिया के तहत प्राथमिकता आधारित लैंडिंग करवाई गई। कंपनी ने स्पष्ट किया कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।

सुरक्षा पर उठते सवाल

हाल के समय में विमानों में तकनीकी खामियों की घटनाएं बढ़ी हैं। इस घटना ने एक बार फिर हवाई सुरक्षा और विमान रख-रखाव को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

0/Post a Comment/Comments