कोरबा :- ग्राम पंचायत बुंदेली में पुराने पंचायत भवन को तोड़कर सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने इस संबंध में तहसीलदार भैसमा को शिकायत सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
क्या है पूरा मामला...
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत बुंदेली में एक पुराना पंचायत भवन स्थित है, जो वर्तमान में जीर्ण-शीर्ण अवस्था में है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के ही एक निवासी ओम कश्यप पिता जीतो कश्यप द्वारा इस भवन को तोड़कर उसके आसपास की शासकीय भूमि पर बलपूर्वक अतिक्रमण किया जा रहा है।
विरोध के बावजूद काम जारी
ग्रामीणों ने बताया कि जब ग्रामवासियों और पंचायत प्रतिनिधियों ने इस अवैध निर्माण और अतिक्रमण को रोकने की कोशिश की, तो आरोपी द्वारा उनकी बातों को अनसुना कर दिया गया। मना करने के बावजूद जबरन निर्माण कार्य जारी रखा गया है, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।
ग्रामीणों ने तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन....
सरपंच, उप-सरपंच और पंचों सहित समस्त ग्रामवासियों ने तहसीलदार (भैसमा) के नाम लिखित आवेदन देकर मांग की है :-
* संबंधित भूमि का तत्काल सीमांकन किया जाए।
* शासकीय भूमि पर हो रहे अतिक्रमण को तुरंत रोका जाए।
* सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुँचाने वाले व्यक्ति पर उचित वैधानिक कार्रवाई की जाए।
इस मामले में ग्रामीणों ने हस्ताक्षर युक्त आवेदन देकर प्रशासन से हस्तक्षेप की गुहार लगाई है। अब देखना यह होगा कि राजस्व विभाग इस पर कितनी जल्दी संज्ञान लेता है।

Post a Comment