भूलकर भी न करें ये गलती: व्हाट्सएप पर आई एक APK फाइल और खाली हो गया बैंक खाता, एम्स ऑफिसर के साथ हुई डिजिटल डकैती

Views

 


रायपुर। आमानाका थाना क्षेत्र में ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है, जहां एम्स रायपुर में पदस्थ एक नर्सिंग ऑफिसर को बिजली विभाग का कर्मचारी बनकर जालसाज ने 1.64 लाख रुपये की ठगी कर ली। ठगों ने केवाईसी और वेरिफिकेशन के नाम पर APK फाइल भेजकर वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस के अनुसार हीरापुर स्थित हर्षित विहार निवासी हरकेश सिंह यादव (36) सरोना में अपना नया मकान बनवा रहे हैं। इसके लिए उन्होंने चंगोराभाठा बिजली कार्यालय में नए कनेक्शन के लिए आवेदन किया था। 25 मार्च को उनके घर पर मीटर लगाया गया था।

अगले दिन 26 मार्च को उन्हें एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को बिजली विभाग का कर्मचारी बताते हुए कहा कि नए मीटर का वेरिफिकेशन बाकी है। इसके बाद जालसाज ने व्हाट्सएप पर एक APK फाइल भेजकर उसे इंस्टॉल करने और अपनी जानकारी भरने को कहा।

विश्वास जीतने के लिए आरोपी ने पीड़ित को उनके मीटर का सही बीपी नंबर भी बताया। इसके बाद 13 रुपये की फीस जमा करने के नाम पर हरकेश से एचडीएफसी बैंक क्रेडिट कार्ड की जानकारी भरवाई गई। जैसे ही उन्होंने जानकारी दर्ज की, उनके मोबाइल पर लगातार ट्रांजेक्शन के मैसेज आने लगे।

पुलिस के मुताबिक ठगों ने पीड़ित के खाते से अलग-अलग माध्यमों से राशि निकाल ली। एक ट्रांजेक्शन ब्लिंकिट और दूसरा एप्पल कंपनी के खाते में किया गया। पीड़ित की शिकायत पर आमानाका थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

0/Post a Comment/Comments