रायपुर। राजधानी रायपुर में कमिश्नरेट पुलिस ने सूखा नशा और सिंथेटिक ड्रग्स के एक संगठित अंतर्राज्यीय नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। जांच में सामने आया कि यह नेटवर्क दिल्ली से संचालित हो रहा था, जबकि रायपुर में इसकी लोकल सप्लाई चेन सक्रिय थी।
हाईटेक ड्रग्स सप्लाई का खुलासा
पुलिस ने पाया कि आरोपी 'डेड ड्रॉप सिस्टम' का इस्तेमाल कर ग्राहकों तक ड्रग्स पहुंचा रहे थे। इस तकनीक में ड्रग्स को सुनसान जगहों पर रखा जाता और उसके लोकेशन व वीडियो संदेश ग्राहकों को भेजे जाते, जिससे पेडलर और ग्राहक के बीच डायरेक्ट संपर्क नहीं होता। सप्लाई नेटवर्क में कुरियर और रैपिडो राइडर्स भी शामिल थे। पेमेंट के लिए विभिन्न बैंक खातों का उपयोग किया जा रहा था।
दिल्ली से संचालित मास्टरमाइंड
जानकारी के अनुसार, इस ड्रग्स सिंडिकेट के मास्टरमाइंड महेश खड़का और कुसुम हिन्दुजा दिल्ली से पूरे नेटवर्क का संचालन कर रहे थे। दोनों पर पहले भी 2024 में ड्रग्स मामले में जेल का अनुभव रहा है। इनके आदेशानुसार, रायपुर निवासी कुणाल मंगतानी ड्रग्स को कोरियर से प्राप्त करता था, जबकि सौरभ यादव, शुभम राठौर और सौरभ डोंगरे रैपिडो राइडर्स के माध्यम से सप्लाई सुनिश्चित करते थे।
गिरफ्तारी की प्रक्रिया
एसीसीयू को सूचना मिली कि शहर में रैपिडो राइडर्स के जरिए एमडीएमए ड्रग्स सप्लाई की जा रही है। पुलिस ने तकनीकी निगरानी और विश्लेषण के बाद 29 मार्च को तेलीबांधा क्षेत्र से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ के आधार पर अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया, जबकि दिल्ली स्थित मास्टरमाइंड को नोटिस देकर रायपुर बुलाया गया और विधिवत गिरफ्तार किया गया। सभी आरोपियों के खिलाफ थाना तेलीबांधा में नारकोटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
बरामदगी का विवरण
इस कार्रवाई में कुल 48.03 ग्राम एमडीएमए (लगभग 7 लाख रुपए मूल्य), 8 पार्टी पिल्स, 9 मोबाइल फोन, बाइक और ड्रग्स सप्लाई में इस्तेमाल कोरियर बॉक्स जब्त किए गए।
गिरफ्तार आरोपियों की जानकारी
- कुणाल मंगतानी, 23 वर्ष, पिता संतोष मंगतानी, काशीराम नगर थाना तेलीबांधा
- सौरभ डोंगरे, 29 वर्ष, पिता संजय डोंगरे, चौरसिया कालोनी थाना टिकरापारा
- शुभम राठौर, 31 वर्ष, पिता ईश्वर प्रसाद राठौर, कृष्णा नगर थाना टिकरापारा
- सौरभ यादव, 21 वर्ष, पिता परमानंद यादव, खमतराई पुलिस कालोनी थाना खमतराई
- महेश खड़का, 28 वर्ष, पिता हीरासिंग खड़का, सी-06 पंचशील विहार, दिल्ली
- कुसुम हिन्दुजा, 25 वर्ष, पिता स्व. भागचंद हिन्दुजा, एल.आई.जी. 40 अवंति विहार, रायपुर
Post a Comment