गरियाबंद: छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गरियाबंद हीरा जब्ती मामले में 63.50 लाख रुपये मूल्य के 34 नग हीरे बरामद किए हैं। इस मामले में ओडिशा के एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जो इलाके में हीरों के लिए ग्राहक तलाश रहा था।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई कोतवाली थाना क्षेत्र में की गई। मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम नहरगांव के पास एक स्कूल के नजदीक एक संदिग्ध व्यक्ति बैग लेकर घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। पुलिस को देखते ही वह भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन उसे मौके पर ही दबोच लिया गया।
तलाशी के दौरान आरोपी के बैग से 34 नग हीरे बरामद किए गए। जब उससे इन हीरों से जुड़े वैध दस्तावेज मांगे गए, तो वह कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम बंशी शेट्टी निवासी भवानीपटना, जिला कालाहांडी (ओडिशा) बताया। पुलिस उसे हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है और हीरों के स्रोत के साथ-साथ संभावित तस्करी नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।
पुलिस अब इस मामले से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी इन हीरों को किसे सौंपने वाला था। प्रशासन ने साफ किया है कि इस पूरे मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Post a Comment