मनेंद्रगढ़ -छत्तीसगढ़ कृषि स्नातक शासकीय कृषि अधिकारी संघ के प्रांतीय कार्यालयीन सचिव एवं जिलाध्यक्ष एमसीबी दीपक कुमार साहू (ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी) ने विधानसभा के बजट सत्र में छत्तीसगढ़ के शासकीय कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा का प्रावधान किए जाने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के प्रति आभार व्यक्त किया है।
श्री साहू ने कहा कि यह निर्णय प्रदेश के लाखों शासकीय कर्मचारियों एवं उनके आश्रित परिवारजनों के लिए अत्यंत राहतकारी एवं हितकारी सिद्ध होगा। वर्तमान समय में गंभीर बीमारियों के उपचार में अत्यधिक आर्थिक व्यय होने के कारण कर्मचारियों को मानसिक एवं आर्थिक दबाव का सामना करना पड़ता था। कैशलेस चिकित्सा सुविधा लागू होने से अब कर्मचारियों को उपचार के समय तत्काल राशि की व्यवस्था करने की चिंता से मुक्ति मिलेगी तथा वे सूचीबद्ध अस्पतालों में बिना अग्रिम भुगतान के बेहतर उपचार प्राप्त कर सकेंगे।
उन्होंने कहा कि यह निर्णय कर्मचारी हितैषी सरकार की संवेदनशील सोच को दर्शाता है। इससे न केवल कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा, बल्कि वे अधिक निष्ठा एवं समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकेंगे।
कृषि अधिकारी संघ ने आशा व्यक्त की है कि सरकार द्वारा इस योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि प्रदेश के सभी पात्र कर्मचारियों को इसका वास्तविक लाभ प्राप्त हो सके। अंत में संघ की ओर से मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री के प्रति पुनः आभार प्रकट किया गया।
Post a Comment