नकटीखर, कोरबा। छत्तीसगढ़ उद्यमिता केंद्र द्वारा वाणिज्य विभाग, छत्तीसगढ़ एवं भारतीय उद्यमिता विकास संस्थान (EDII) अहमदाबाद के संयुक्त तत्वावधान में दो दिवसीय उद्यमिता जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन नकटीखर, कोरबा में किया गया।
कार्यक्रम में क्षेत्र के युवाओं, महिलाओं एवं स्व-रोजगार की इच्छुक व्यक्तियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कुल 60 से अधिक प्रतिभागियों ने उद्यमिता के विभिन्न आयामों, व्यवसाय स्थापना के प्रारंभिक चरण, बाजार एवं वित्तीय प्रबंधन, तथा उपलब्ध शासकीय योजनाओं एवं सब्सिडी संबंधी विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
प्रशिक्षकों द्वारा प्रतिभागियों को छत्तीसगढ़ सरकार की विभिन्न स्वरोजगार एवं उद्यमिता संवर्धन योजनाओं, बैंक लोन सुविधाओं, स्टार्टअप प्रोत्साहन कार्यक्रमों तथा उद्यम स्थापित करने हेतु आवश्यक प्रक्रियाओं की व्यापक जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों ने ऐसे आयोजन को स्थानीय युवाओं के लिए अत्यंत लाभकारी बताते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार के प्रशिक्षण व जागरूकता कार्यक्रमों की अपेक्षा जताई।
कार्यक्रम में समाजसेवी पुष्पा पटेल, ऊषा उरांव, देवेन्द्र साबले, भानु दास, एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

Post a Comment