कोरबा। कोरबा जिले में अवैध प्रवासियों और संदिग्ध गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए पुलिस ने बड़े स्तर पर सत्यापन अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के दिशा-निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतिश ठाकुर, रविंद्र कुमार मीना, नगर पुलिस अधीक्षक भूषण एक्का, दर्री एसडीओपी विमल पाठक और कटघोरा एसडीओपी पंकज ठाकुर के मार्गदर्शन में जिले भर में व्यापक जांच अभियान संपन्न हुआ।
1844 व्यक्तियों की जांच, 738 अन्य राज्य के मुसाफिर दर्ज
कोरबा पुलिस द्वारा इस अभियान में कुल 1844 व्यक्तियों की गहन जांच की गई, जिसमें 738 अन्य राज्यों से आए मुसाफिरों को दर्ज किया गया। इसके अतिरिक्त, 124 संदिग्ध अजनबियों (SS रोल) को भी चिह्नित किया गया और 23 व्यक्तियों पर गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया।
फेरीवालों और किरायेदारों की कड़ी जांच
अभियान के दौरान फेरी करने वाले, सड़क किनारे जड़ी-बूटी, खिलौने बेचने वाले और गैस चूल्हा रिपेयर करने वालों की पहचान और दस्तावेजों की जांच की गई। जिन फेरीवालों ने थाने में मुसाफिरी दर्ज नहीं कराई थी, उन्हें फटकार लगाकर रिकॉर्ड में शामिल किया गया। पुलिस ने उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, महाराष्ट्र, राजस्थान, हरियाणा, उड़ीसा और पश्चिम बंगाल सहित विभिन्न राज्यों से आए लोगों का सत्यापन किया।
किरायेदार सत्यापन अनिवार्य, मकान मालिकों को चेतावनी
कोरबा पुलिस ने मकान मालिकों को सख्त निर्देश दिए कि वे किराएदारों का पुलिस वेरिफिकेशन अनिवार्य रूप से कराएं। नियमों का पालन नहीं करने पर संबंधित मकान मालिकों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है। पुलिस ने किराएदारों के ID प्रूफ चेक कर उनके पेशे और गतिविधियों की जानकारी जुटाई।
सुरक्षा के प्रति सजगता जरूरी
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सांस्कृतिक, जातीय और बोलचाल में समानता के कारण कई बार अवैध प्रवासियों पर ध्यान नहीं जाता, जो भविष्य में सुरक्षा के लिए खतरा बन सकते हैं। इसीलिए ऐसे तत्वों की पहचान कर उन पर निगरानी बनाए रखना बेहद जरूरी है।
पुलिस की अपील
कोरबा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने किरायेदारों और नौकरों का वेरिफिकेशन नजदीकी थाने में अवश्य कराएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
अभियान में 156 अधिकारी-कर्मचारियों की सक्रिय भूमिका
इस व्यापक अभियान में कोरबा जिले के विभिन्न थानों और चौकियों से कुल 156 अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे, जिन्होंने अभियान को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।
Post a Comment